रविकांत दुबे। कानपुर देहात
मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल द्वारा आज उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम लिमिटेड (कार्यदायी संस्था) द्वारा निर्मित मॉडर्न पुलिस थाना झींझक के नवनिर्मित अनावासीय भवनों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रयुक्त सामग्री के स्तर और निर्मित कार्य पूर्ण होने की स्थिति का जायजा लेना था। मुख्य विकास अधिकारी ने थाना परिसर में नवनिर्मित प्रशासनिक भवन, थानाध्यक्ष कक्ष, कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, हवालात, मेस तथा पुलिसकर्मियों के लिए बनी बैरकों का सूक्ष्मता से जायजा लिया।
उन्होंने निर्माण में प्रयुक्त सीमेंट, सरिया, ईंटों और प्लास्टर आदि की गुणवत्ता की जांच की और स्पष्ट किया कि सभी कार्य स्वीकृत एस्टीमेट एवं SOP के अनुरूप ही होने चाहिए। मॉडर्न पुलिस स्टेशन की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से सीडीओ ने परिसर में आम फरियादियों के बैठने के लिए सुसज्जित प्रतीक्षालय, आधुनिक शौचालय, पीने के शुद्ध पानी (RO) की व्यवस्था और महिला हेल्प डेस्क की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाने में आने वाले नागरिकों को एक सुखद और सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मानसून और सामान्य दिनों में परिसर में जल-भराव की स्थिति न पैदा हो, इसके लिए एक सुदृढ़ और वैज्ञानिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही, थाना परिसर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से खाली भूमि पर सघन पौधरोपण कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए भवनों में स्थापित किए जा रहे आधुनिक अग्निशमन उपकरणों की कार्यप्रणाली को भी देखा साथ ही थाने के गोपनीय दस्तावेजों और मालखाने की सुरक्षा के लिए बनाए गए आधुनिक व सीपेज-मुक्त कमरों का निरीक्षण किया।
उन्होंने कार्यदायी संस्था (उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम लिमिटेड) के अभियंताओं एवं ठेकेदारों को कड़ी चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अवशेष फिनिशिंग कार्यों (जैसे पेंटिंग, वायरिंग और फिटिंग्स) को बिना किसी देरी के गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कर भवन को शीघ्र अति शीघ्र पुलिस विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए।










