बिना चीरा लगाए, ब्रेन ट्यूमर का सफल ऑपरेशन

पायनियर संवाददाता। कानपुर
पारस हेल्थ, कानपुर ने 28 वर्षीया महिला के ब्रेन ट्यूमर का सफल ऑपरेशन कर नई उपलब्धि हासिल की। पीड़ित महिला निरंतर सिर दर्द, धुंधली दृष्टि और चक्कर आने जैसी समस्याओं से पीड़ित थी। पारस अस्पताल में महिला के मस्तिष्क की जाँच (एमआरआई) के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि मरीज के मस्तिष्क के अत्यंत संवेदनशील हिस्से में एक ट्यूमर विकसित हो चुका है। पारंपरिक ओपन सर्जरी के मुकाबले यह मामला काफी पेचीदा था, क्योंकि इसमें मस्तिष्क की स्वस्थ नसों को नुकसान पहुँचने का खतरा अधिक था। मरीज की स्थिति को देखते हुए न्यूरोसर्जरी विभाग के एसोसिएट डॉयरेक्टर- डॉ. प्रशांक गोयल की अगुवाई वाली टीम ने अत्याधुनिक एंडोस्कोपिक न्यूरोसर्जरी (दूरबीन विधि) का विकल्प चुना। ऑपरेशन के दौरान डॉ. राजीव चित्रांशी का विशेष सहयोग रहा।
इस सफल ऑपरेशन की जानकारी देते हुए डॉ. प्रशांक गोयल ने बताया कि दूरबीन विधि (मिनिमली इनवेसिव तकनीक) के माध्यम से हमने बिना किसी बड़े चीरे के एक छोटे से रास्ते से सीधे ट्यूमर तक पहुँच बनाई। हाई डेफिनिशन एण्डोस्कोप की मद्द से पूरी सटीकता के साथ ट्यूमर को निकाल दिया गया, जिससे आस-पास की बेहद नाजुक नसों और मस्तिष्क के ऊतकों (टीश्यूज) को नुकसान नहीं पहुँचा। पारंपरिक सर्जरी की तुलना में खून का रिसाव भी बहुत कम हुआ। मरीज को बहुत ही कम दर्द का सामना करना पड़ा और किसी संक्रमण का खतरा भी नहीं हुआ। महिला मरीज ऑपरेशन के अगले ही दिन सामान्य रूप से बातचीत करने और चलने-फिरने लगीं। इस सफल ऑपरेशन से मरीज को इस जानलेवा बीमारी से निजात मिली।



