भेलूपुर वार्ड में सीवर व पेयजल लाइन के लिए 78.26 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बुधवार को भूमि पूजन कर निर्माण कार्य कराया प्रारंभ
भेलूपुर क्षेत्र में बिछेगी 17 किमी लंबी सीवर व पेयजल लाइन, गृह संयोजन का भी मिलेगा लाभ
70 वर्षों की समस्या का मिलेगा स्थायी समाधान, शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति होगी सुनिश्चित
पायनियर संवाददाता। वाराणसी
पुराने वार्डों में सीवर एवं पेयजल नेटवर्क को मजबूत करने तथा नागरिकों को जलजमाव की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए भूमि पूजन का क्रम लगातार जारी है। कैंट विधानसभा के भेलूपुर वार्ड (वार्ड संख्या 51) में बुनियादी सुविधाओं के कायाकल्प हेतु विकास परियोजनाओं का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से महापौर अशोक कुमार तिवारी एवं कैंट विधायक की गरिमामयी उपस्थिति में विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ।
रामलीला मैदान, गांधी चौक (खोजवां बाजार) में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भेलूपुर वार्ड में 17.0 किलोमीटर लंबी सीवर एवं पेयजल लाइन तथा गृह संयोजन हेतु 72.71 करोड़ रुपये की लागत की मुख्य परियोजना का शुभारंभ किया गया। इसके अतिरिक्त सड़क निर्माण के लिए 4.55 करोड़ रुपये तथा मिनी नलकूप व रीबोर कार्य के लिए एक करोड़ रुपये के अन्य विकास कार्यों को मिलाकर भेलूपुर क्षेत्र में कुल 78.26 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई है।
समारोह को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में काशी के विकास को एक नया आयाम मिल रहा है। सीवर व पानी की नई पाइपलाइन बिछाने के इस वृहद कार्य के दौरान नागरिकों को आवागमन में कुछ महीनों के लिए थोड़ी अस्थायी असुविधा झेलनी पड़ सकती है। यह कार्य सीवर जाम व ओवरफ्लो से मुक्ति दिलाएगी तथा हर घर तक शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करेगी।



