बच्चों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के साथ सांसद ने किया संवाद

पायनियर संवाददाता। चन्दौली
बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय इमामगंज, धनूपुर, प्रयागराज में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भदोही सांसद डॉ. विनोद बिंद ने सहभागिता की। उन्होंने बच्चों, शिक्षकों एवं अभिभावकों से आत्मीय संवाद करते हुए शिक्षा के महत्व और सरकार द्वारा प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में धनूपुर की ब्लॉक प्रमुख ज्योति यादव एवं अभोली ब्लॉक प्रमुख प्रियंका बिंद उपस्थित रहीं। अतिथियों का विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सांसद डॉ. विनोद बिंद ने कहा कि प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं को भी लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक परिस्थितियां बच्चों की शिक्षा में बाधक न बनें और प्रत्येक बच्चे को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिले। उन्होंने कहा कि डीबीटी के माध्यम से स्कूल ड्रेस, जूता-मोजा एवं बैग के लिए 1,200 रुपये की धनराशि अभिभावकों के खातों में भेजी जा रही है। इसके साथ ही पीएम पोषण योजना के तहत बच्चों को ताजा एवं पौष्टिक पका-पकाया भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
सांसद डॉ. बिंद ने कहा कि विद्यालयों में स्मार्ट क्लास एवं आईसीटी के माध्यम से आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। बच्चों के बैठने के लिए फर्नीचर की व्यवस्था, नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकों की सुविधा तथा भौतिक संसाधनों से युक्त विद्यालय परिसर एवं कक्षा-कक्ष उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बच्चों के शैक्षिक स्तर की नियमित परख के लिए निपुण लक्ष्य ऐप का उपयोग किया जा रहा है, जबकि दीक्षा ऐप के माध्यम से डिजिटल शैक्षणिक सामग्री एवं विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों की सुविधा बच्चों और शिक्षकों को मिल रही है।
डॉ. बिंद ने कहा कि स्वच्छ एवं समृद्ध भारत का संकल्प केवल भौतिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी को ज्ञान, संस्कार और आत्मविश्वास से सशक्त बनाना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आहृान किया।



