अवैध खनन में हो रहा रायल्टी का खेल, जिम्मेदार मौन

पायनियर संवाददाता। सुमेरपुर हमीरपुर
बेतवा नदी में खदान शुरू होते ही अवैध खनन का खेल शुरू हो गया है। ललपुरा थानाक्षेत्र से चोरी छुपे ट्रैक्टरों से खनन करके लाई जा रही बालू को कस्बा सहित आसपास के गांव में खपाया जा रहा है। यह पूरा खेल ललपुरा, सुमेरपुर मार्ग तथा छानी इंगोहटा मार्ग से हो रहा है। इसमें स्थानीय पुलिस की भूमिका बेहद संदिग्ध लग रही है। तमाम आदेशों के बाद स्थानीय पुलिस खनन पर अंकुश नहीं लगा पा रही है।
बरसात का मौसम खत्म होते ही चोरी छिपे बालू का अवैध कारोबार करने वाले सक्रिय हो गए। करीब एक दर्जन ट्रैक्टर प्रतिदिन ललपुरा क्षेत्र से बालू का अवैध खनन करके कस्बा सहित आसपास के गांव में बगैर किसी रॉयल्टी के लाकर खपा रहे। कस्बे में यह बांकी मार्ग के समीप पानी के टंकी के आसपास सुबह आकर खड़े होते हैं। यहीं से खरीद फरोख्त के बाद यह खाली करने के लिए जाते हैं। अवैध खनन करके लाई जा रही बालू को ललपुरा थाने के समीप से कस्बे में लाई जाती है। इसी तरह ही इंगोहटा छानी मार्ग से इस कारोबार को किया जाता है। इस कारोबार में पुलिस की भूमिका बेहद संदिग्ध है। क्योंकि ललपुरा, बिवांर,सुमेरपुर के साथ इंगोहटा पुलिस चौकी के नाक के नीचे यह कारोबार बदस्तूर किया जा रहा है। बगैर किसी रॉयल्टी के दिन भर फर्राटा भर रहे हैं और पुलिस आंख मूंदे हुए। थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। कार्यवाही खनिज विभाग ही करता है। पुलिस केवल सहयोग के लिए मौजूद रहती है। खनिज निरीक्षक उमाकांत ने कहा कि मामला पता नहीं है। वह मंगलवार को छापा मार कर जांच करेंगे। अगर बगैर रायल्टी के खनन करके लाए हुए पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।



