हत्या के मामले में वारंटी अभियुक्त गिरफ्तार

मुनिकीरेती। (रजनी गोयल)टिहरी पुलिस ने अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हत्या के मामले में वांछित वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में मुनिकीरेती पुलिस टीम ने सोमवार को मुखबिर की सूचना और सुरागरसी के आधार पर खारा स्रोत क्षेत्र से लिखवार सिंह (52) पुत्र गलू सिंह, निवासी बाँस काटल, गुलर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध न्यायालय में वाद संख्या 16/20 के तहत आईपीसी की धारा 302, 307 और 120बी में मामला विचाराधीन है। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती के नेतृत्व में गठित टीम ने की। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिवराम और हेड कांस्टेबल गिरीश असवाल शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने कहा कि अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से भी अपराध संबंधी जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।



