विनोद द्विवेदी ने जीता 'वॉइस ऑफ नॉर्थ इंडिया' का खिताब, सुपर सीनियर वर्ग में हासिल की सफलता

ऋषिकेश (रजनी गोयल)। ऑल इंडिया सिंगर एसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तरीय गायन प्रतियोगिता "वॉइस ऑफ नॉर्थ इंडिया" में ऋषिकेश के विनोद द्विवेदी ने शानदार जीत हासिल की है।
उन्होंने कड़े मुकाबले को पार करते हुए ग्रैंड फिनाले में अपनी जगह बनाई। फिनाले के दौरान उन्होंने फिल्म "स्वामी" का प्रसिद्ध गीत "का करूं सजनी आए ना बालम" गाकर जजों और दर्शकों का दिल मोह लिया। अपनी सुरीली आवाज के दम पर उन्होंने इस प्रतियोगिता के "सुपर सीनियर" वर्ग में यह प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किया।
उक्त जानकारी उन्होंने मंगलवार को स्थानीय होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उल्लेखनीय है कि ग्रैंड फिनाले में भारतवर्ष के विभिन्न राज्यों से आए कई प्रतिभावान गायकों ने हिस्सा लिया था।
अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए विनोद द्विवेदी ने कहा, "यह पुरस्कार मेरे लिए बेहद खास है। इस मंच पर अपनी पसंद का गीत गाकर और सुपर सीनियर वर्ग में जीत हासिल करना मेरे संगीत के सफर का एक यादगार पल है। मैं ऑल इंडिया सिंगर एसोसिएशन, सभी जजों, अपने परिवार और शुभचिंतकों का तहे दिल से धन्यवाद करता हूं।"
इस उपलब्धि पर उनके परिवार, मित्रों और संगीत प्रेमियों में खुशी का माहौल है।



