एनपीए खाते की वसूली करने पहुंचे बैंक अधिकारियों से मारपीट, मुख्य प्रबंधक घायल

पीलीभीत।बैंक के एनपीए खाते की बकाया रकम वसूलने पहुंचे बैंक अधिकारियों को व्यापारी से रकम मांगना भारी पड़ गया। आरोप है कि बकाया रुपये जमा करने का अनुरोध करने पर व्यापारी ने अधिकारियों के साथ अभद्रता करते हुए हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में बैंक के मुख्य प्रबंधक घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी व्यापारी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मामला थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के स्टेशन रोड का है। बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय कार्यालय पीलीभीत के मुख्य प्रबंधक शरद विजयवर्गीय और मुख्य प्रबंधक सर्वेश कुमार सिंह सोमवार को एक एनपीए खाते की वसूली के सिलसिले में भारत ट्रेडिंग कंपनी के प्रोपराइटर लोकेश दुलवानी की दुकान चंद्रा फैशन पर पहुंचे थे। बैंक अधिकारियों ने व्यापारी से बकाया धनराशि जमा करने का अनुरोध किया।
आरोप है कि रकम जमा करने की बात सुनते ही व्यापारी का रवैया आक्रामक हो गया। उसने बैंक अधिकारियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी और उन्हें दुकान से बाहर निकालने के लिए हाथापाई करने लगा। इस दौरान गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। मारपीट में मुख्य प्रबंधक शरद विजयवर्गीय की गर्दन और मुंह पर खरोंचें आईं।
घटना के बाद आरोपी व्यापारी दुकान से फरार हो गया। इसके बाद दोनों बैंक अधिकारी थाना सुनगढ़ी पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी नरेश त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर घायल मुख्य प्रबंधक का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



