60 जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ सामूहिक विवाह

पायनियर संवाददाता । जलालपुर, अंबेडकरनगर
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को मालीपुर-जलालपुर मार्ग स्थित आर्या मैरिज लॉन में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित समारोह में 60 जोड़े वैदिक रीति-रिवाज और विधि-विधान के साथ दांपत्य बंधन में बंधे। कार्यक्रम में 71 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य निर्धारित किया गया था।
समारोह में पंडित आदित्य नारायण मिश्र ने वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-पाठ के साथ विवाह की रस्में संपन्न कराईं। विवाह के बाद नवदंपतियों को सुखी और सफल दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया गया। विवाह स्थल पर नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी शैलेंद्र प्रकाश ने की। संचालन एडीओ आईएसबी अरुण कुमार चतुर्वेदी ने किया। मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष पंकज वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानजनक तरीके से संपन्न कराना है। उन्होंने नवदंपतियों को नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।
विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख त्रिभुवन नाथ, नायब तहसीलदार उत्कर्ष सिंह, मंडल अध्यक्ष कृष्णा अग्रहरि, संदीप अग्रहरि, आनंद मिश्र और विकास निषाद सहित अन्य अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखमय भविष्य की कामना की।
समारोह में सुरक्षा व्यवस्था के लिए जलालपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। राजस्व विभाग की ओर से लेखपाल अरुण कुमार यादव, गुलनाज बानो, संदीप कुमार अग्रहरि और अरुण कुमार चतुर्वेदी समेत अन्य कर्मचारी व्यवस्थाओं में जुटे रहे।
विवाह की रस्में पूरी होने के बाद अतिथियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर विदाई दी। इस दौरान परिजनों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। समारोह में शामिल लोगों ने नवविवाहित जोड़ों के उज्ज्वल भविष्य और सुखी दांपत्य जीवन की कामना की।



