विनू मांकड़ ट्रॉफी में उत्तराखंड, सौराष्ट्र और केरल की शानदार जीत
मुंबई, असम और आंध्र प्रदेश को मिली हार, बल्लेबाजों ने खेलीं शानदार पारियां

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। विनू मांकड़ ट्रॉफी अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता में उत्तराखंड, सौराष्ट्र और केरल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीत लिए। उत्तराखंड ने मुंबई को 28 रन से हराया, जबकि सौराष्ट्र ने असम पर 64 रन से जीत दर्ज की। वहीं, केरल ने आंध्र प्रदेश को 37 रन से शिकस्त दी। तीनों मुकाबलों में बल्लेबाजों ने उपयोगी पारियां खेलीं, जबकि गेंदबाजों ने भी अपनी टीमों की जीत में अहम भूमिका निभाई।
उत्तराखंड ने मुंबई को 28 रन से हराया : उत्तराखंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में आठ विकेट पर 380 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से समरथ सेमवाल ने 135 रन की शानदार पारी खेली। आयुष देसवाल ने 97 और मयंक मुडिला ने 78 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। मुंबई की ओर से कार्तिक कुमार ने तीन विकेट लिए।लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम 46.5 ओवर में 352 रन पर सिमट गई। मुंबई के लिए आर्यन सकपाल ने 158 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अर्जुन गडोया ने 69 रन बनाए। उत्तराखंड की ओर से आयुष देसवाल ने चार विकेट झटके। इस तरह उत्तराखंड ने 28 रन से मुकाबला अपने नाम किया।
सौराष्ट्र ने असम को 64 रन से दी शिकस्त : दूसरे मुकाबले में सौराष्ट्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 270 रन बनाए। टीम के लिए युग वाघानी ने 81 और वत्सल पटेल ने 51 रन का योगदान दिया। असम की ओर से अमित चौधरी ने चार विकेट हासिल किए।जवाब में असम की टीम 46.4 ओवर में 206 रन पर ऑलआउट हो गई। असम की ओर से जूलियन कोंवर ने 68 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। सौराष्ट्र के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाकर असम को लक्ष्य से दूर रखा। सौराष्ट्र ने यह मुकाबला 64 रन से जीत लिया।
केरल ने आंध्र प्रदेश को 37 रन से हराया : तीसरे मुकाबले में केरल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.3 ओवर में 174 रन बनाए। टीम की ओर से ऋषिकेश एन ने 61 रन की अहम पारी खेली, जबकि आदित्य मनोज ने 37 रन का योगदान दिया। आंध्र प्रदेश की ओर से एन साई चरण ने चार विकेट लिए।लक्ष्य का पीछा करने उतरी आंध्र प्रदेश की टीम 39.2 ओवर में 137 रन पर ढेर हो गई। टीम की ओर से जी देव प्रसाद ने सर्वाधिक 38 रन बनाए। केरल के गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। केरल ने 37 रन से जीत दर्ज की।



