कुंभ-2027 से पहले बाईपास निर्माण में तेजी के निर्देश, मेलाधिकारी और आईजी कुंभ ने किया स्थलीय निरीक्षण

लंबित कार्यों को दिन-रात पूरा करने पर जोर, दक्षद्वीप पार्किंग और यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा
गौरव कुमार। हरिद्वार
कुंभ-2027 के दौरान यातायात दबाव कम करने और श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम बनाने के लिए हरिद्वार बाईपास परियोजना के निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाएगी। शुक्रवार को मेलाधिकारी सोनिका और आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने बहादराबाद से सराय होते हुए जगजीतपुर तक परियोजना के प्रथम चरण का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान लंबित कार्यों की समीक्षा कर निर्धारित समयसीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने के लिए श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाने के साथ दिन-रात काम जारी रखने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सड़क संपर्क और यातायात प्रबंधन से जुड़ी तैयारियां समय रहते पूरी करना जरूरी है। अधिकारियों ने दक्षद्वीप पार्किंग तक वाहनों की आवाजाही, प्रवेश और निकास मार्गों तथा पार्किंग स्थलों को जोड़ने वाली सड़कों की व्यवस्था की भी समीक्षा की। निर्माण कार्यों को इस तरह पूरा करने पर जोर दिया गया, जिससे कुंभ के दौरान वाहनों का संचालन व्यवस्थित रहे और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के लिए कार्यस्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे से हरिद्वार को जोड़ने वाली हरिद्वार स्पर परियोजना सहित राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित अन्य परियोजनाओं को भी निर्धारित समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एनएचएआई रुड़की खंड के परियोजना निदेशक पुनीत गर्ग सहित मेला प्रशासन, पुलिस और यातायात विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।



