वेल्डिंग के दौरान तेल टैंकर में धमाका, दो कर्मचारी घायल

-एक की हालत गंभीर, मेरठ रेफर, एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर मांगे लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज
शामली। शामली-मुजफ्फरनगर रोड स्थित गुलशन केमिकल इंडस्ट्रीज फैक्टरी में गुरुवार सुबह छोटे तेल टैंकर पर वेल्डिंग करते समय अचानक विस्फोट हो गया। धमाके की चपेट में आकर दो कर्मचारी घायल हो गए। इनमें छुटमलपुर निवासी साजिद मिर्जा की हालत गंभीर होने पर उसे एंबुलेंस से मेरठ रेफर किया गया, जबकि कांधला निवासी संदीप शर्मा का स्थानीय निजी क्लीनिक में उपचार कराया गया। हादसे की सूचना मिलने पर सदर एसडीएम सचिन राजपूत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बताया गया कि गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे फैक्टरी परिसर में छोटे तेल टैंकर पर वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान टैंकर में अचानक विस्फोट हो गया। धमाके से वहां काम कर रहे साजिद मिर्जा और संदीप शर्मा घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों को उपचार के लिए ले जाया गया। साजिद की हालत गंभीर देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया गया, जबकि संदीप का स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया। फैक्टरी मालिक मातेश जैन के अनुसार वेल्डिंग के दौरान अचानक टैंकर में विस्फोट हुआ। उन्होंने बताया कि दोनों घायलों का उपचार कराया जा रहा है। हादसे के बाद पुलिस के मौके पर पहुंचने में देरी की बात भी सामने आई। बताया गया कि दोपहर करीब 12 बजे तक पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची थी। हादसे की सूचना पुलिस को कब और किस स्तर से मिली, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं। सूचना मिलने पर सदर एसडीएम सचिन राजपूत फैक्टरी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने फैक्टरी प्रबंधन से हादसे की जानकारी लेने के साथ घायलों के उपचार के संबंध में भी जानकारी जुटाई। एसडीएम ने फैक्टरी का लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज मांगे। साथ ही फैक्टरी में सुरक्षा मानकों और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।



