शिकायत पर पालिका पहुंचे एसडीएम, खंगाली विकास कार्यों की फाइलें

-बिना बोर्ड बैठक विकास कार्य कराने समेत कई आरोप, मुख्य सचिव से शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
-अभिलेखों के परीक्षण के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
पायनियर समाचार सेवा , खतौली।
नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या चार में विकास कार्यों को लेकर की गई शिकायत के बाद शनिवार को प्रशासन हरकत में नजर आया। पूर्व सभासद डॉ. अथर की ओर से मुख्य सचिव को भेजी गई शिकायत का संज्ञान लेते हुए एसडीएम डॉ. ललित मिश्रा नगर पालिका पहुंचे। उन्होंने विकास कार्यों से संबंधित फाइलें और अभिलेख तलब कर उनकी जांच शुरू की। शिकायत में बिना बोर्ड बैठक के विकास कार्य कराने, नगर पालिका अधिनियम के प्रावधानों की अनदेखी करने और पालिका के अधिकार क्षेत्र से बाहर कार्य कराने समेत कई आरोप लगाए गए हैं।
पूर्व सभासद डॉ. अथर ने मुख्य सचिव को भेजे शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि नगर पालिका में विकास कार्य निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना कराए जा रहे हैं। उनका कहना है कि कई कार्यों को बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित कराए बिना ही कराने का आरोप है। इसके अलावा कुछ ऐसे कार्य भी कराए जाने की शिकायत की गई है, जिन्हें पालिका के अधिकार क्षेत्र से बाहर बताया गया है। शिकायतकर्ता ने विकास कार्यों से संबंधित स्वीकृति, बोर्ड बैठक के प्रस्ताव, अभिलेख और अन्य दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है।
महिला जनप्रतिनिधियों के अधिकारों के हनन का भी आरोप
शिकायत में पूर्व सभासद ने महिला जनप्रतिनिधियों के अधिकारों के उचित तरीके से पालन नहीं किए जाने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने प्रशासन से इस पूरे मामले की जांच कराकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। साथ ही आरोप लगाया है कि उनके द्वारा पूर्व में की गई शिकायतों पर पालिका के अधिशासी अधिकारी की ओर से कथित रूप से मनगढ़ंत रिपोर्ट लगाकर निस्तारण कर दिया जाता है। शिकायतकर्ता का कहना है कि शिकायतों के संबंध में न तो उनसे संपर्क किया जाता है और न ही मौके पर स्थलीय निरीक्षण कराया जाता है। शनिवार को शिकायत के निस्तारण के क्रम में एसडीएम डॉ. ललित मिश्रा नगर पालिका पहुंचे। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से विकास कार्यों से जुड़ी फाइलें मंगवाईं और उनमें दर्ज विवरण का परीक्षण किया। पूर्व में स्वीकृत और कराए गए विकास कार्यों से संबंधित अभिलेखों की भी जानकारी ली गई। एसडीएम के अचानक पालिका पहुंचने और अभिलेखों की जांच शुरू होने से संबंधित कर्मचारियों में हलचल रही। पूर्व सभासद ने मुख्य सचिव से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि अभिलेखों और बोर्ड बैठकों के प्रस्तावों की जांच से यह स्पष्ट हो सकेगा कि विकास कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत कराए गए हैं अथवा नहीं। एसडीएम डॉ. ललित मिश्रा ने बताया कि शिकायत के संबंध में पालिका के अभिलेखों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एसडीएम की जांच के बाद पालिका में कराए गए विकास कार्यों और उनकी प्रक्रिया को लेकर मामला चर्चा में है। अब जांच पूरी होने के बाद ही शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



