स्मृति मंधाना आईसीसी वनडे रैंकिंग में शीर्ष पर बरकरार
टी20 और वनडे, दोनों प्रारूपों की टीम रैंकिंग में भारतीय महिला टीम तीसरे स्थान पर बनी हुई है।

दुबई। भारत की नवनियुक्त कप्तान स्मृति मंधाना ने आईसीसी महिला वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की एलिसे पैरी ताजा रैंकिंग में शीर्ष दस में लौट आई हैं।हाल ही में हरमनप्रीत कौर की जगह भारतीय टीम की कप्तान नियुक्त की गई मंधाना 790 रेटिंग अंक के साथ वनडे बल्लेबाजों की सूची में पहले स्थान पर हैं। हरमनप्रीत कौर इस सूची में नौवें स्थान पर हैं।
वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा एक स्थान नीचे खिसककर नौवें पायदान पर पहुंच गई हैं। महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजों की रैंकिंग में शेफाली वर्मा चौथे, स्मृति मंधाना पांचवें और हरमनप्रीत कौर दसवें स्थान पर हैं। टी20 गेंदबाजों की सूची में भारत की श्रीचरणी और दीप्ति शर्मा शीर्ष दो स्थानों पर काबिज हैं।
हरफनमौलाओं की टी20 रैंकिंग में दीप्ति शर्मा शीर्ष दस में शामिल एकमात्र भारतीय हैं। वह चौथे स्थान पर हैं। वहीं, वनडे हरफनमौलाओं की रैंकिंग में दीप्ति छठे पायदान पर हैं। टी20 और वनडे, दोनों प्रारूपों की टीम रैंकिंग में भारतीय महिला टीम तीसरे स्थान पर बनी हुई है।



