सीएमएस गोमती नगर ने जीता अंडर-14 फुटबॉल खिताब,अंडर-19 फाइनल में लामार्टिनियर-यूनिटी की भिड़ंत
अंडर-19 वर्ग में लामार्टिनियर कॉलेज और यूनिटी इंटर कॉलेज ने अपने-अपने सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में जगह बनाई।

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। सिटी मोंटेसरी स्कूल (सीएमएस), गोमती नगर प्रथम कैंपस की ओर से आयोजित डॉ. जगदीशा गांधी मेमोरियल इंटर-स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट के तीसरे दिन अंडर-14 वर्ग का खिताबी मुकाबला खेला गया। इसमें मेजबान सीएमएस गोमती नगर ने जीडी गोयनका स्कूल को 4-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, अंडर-19 वर्ग में लामार्टिनियर कॉलेज और यूनिटी इंटर कॉलेज ने अपने-अपने सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में जगह बनाई।
अंडर-14 वर्ग के सेवन-ए-साइड फाइनल में सीएमएस गोमती नगर की टीम ने शुरू से ही दमदार खेल दिखाया। टीम ने चार गोल दागकर जीडी गोयनका स्कूल को कोई मौका नहीं दिया और खिताब अपने नाम कर लिया।
अंडर-19 वर्ग के पहले सेमीफाइनल में लामार्टिनियर कॉलेज ने सीएमएस अलीगंज प्रथम कैंपस को 3-0 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में यूनिटी इंटर कॉलेज ने कड़े मुकाबले में सीएमएस कानपुर रोड कैंपस को 1-0 से शिकस्त देकर फाइनल का टिकट कटाया।
आज खेले जाएंगे खिताबी मुकाबले
टूर्नामेंट का समापन 16 अक्टूबर को सुबह नौ बजे सीएमएस शालीमार कैंपस के खेल मैदान पर होगा। तीसरे स्थान के लिए सीएमएस कानपुर रोड और सीएमएस अलीगंज प्रथम कैंपस की टीमें भिड़ेंगी, जबकि अंडर-19 वर्ग के फाइनल में लामार्टिनियर कॉलेज और यूनिटी इंटर कॉलेज आमने-सामने होंगे। सीएमएस के हेड, कम्युनिकेशंस ऋषि खन्ना ने यह जानकारी दी।



