सर्पदंश से इंटरमीडिएट की छात्रा की मौत, परिवार में मचा कोहराम

जलालपुर (अंबेडकरनगर)। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के हाजीपुर बेलहवा गांव में मंगलवार रात सर्पदंश से इंटरमीडिएट प्रथम वर्ष की छात्रा मधुलिका की मौत हो गई। घर की सबसे बड़ी बेटी की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मालीपुर-जलालपुर मार्ग स्थित हाजीपुर बेलहवा गांव निवासी सुरेंद्र कुमार की पुत्री मधुलिका नरेंद्र इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट प्रथम वर्ष की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार रात करीब दो बजे उसे सांप ने डस लिया।
हालत बिगड़ने पर परिजन आनन-फानन में उसे एक निजी अस्पताल ले गए। वहां उपचार के दौरान उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान छात्रा ने दम तोड़ दिया।
मधुलिका की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। जिस बेटी के बेहतर भविष्य के लिए परिजनों ने कई सपने संजोए थे, उसके अचानक दुनिया से चले जाने से सभी गहरे सदमे में हैं। माता-पिता और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जाता है कि मधुलिका तीन बहनों और तीन भाइयों में सबसे बड़ी थी। बड़ी बेटी होने के नाते परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। उसकी असमय मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गर्इं। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव घर पहुंचा तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। छात्रा की मौत से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।



