छत से गिरकर दो वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

हरचंदपुर, रायबरेली। स्थानीय थाना क्षेत्र के अचाकापुर गाँव में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ छत पर खेलते समय नीचे गिरने से दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचाकापुर निवासी आशीष का दो वर्षीय पुत्र अभी घर की छत पर खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक असंतुलित होकर छत से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे को गिरता देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
आनन-फानन में घबराए परिजन मासूम को लेकर नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरचंदपुर पहुंचे। सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. राजीव गौतम ने बच्चे की नाजुक स्थिति को देखते हुए तुरंत उसका प्राथमिक उपचार किया। हालांकि हालत बेहद गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन मासूम को लेकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल के लिए रवाना हुए।
लेकिन कुछ ही दूरी तय करने के बाद बच्चे के शरीर में कोई हलचल न देखकर एंबुलेंस वापस सीएचसी लौट आई। अस्पताल वापस पहुँचने पर चिकित्सक ने दोबारा मासूम का परीक्षण किया और उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के डॉक्टर राजीव गौतम ने बताया कि गंभीर हालत में डेढ़ से दो वर्ष के एक मासूम को लाया गया था। उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया था। लेकिन कुछ ही देर बाद जब एंबुलेंस उसे वापस लेकर आई, तो जांच के दौरान उसकी मौत हो चुकी थी। इस दुखद घटना से पूरे गाँव में शोक की लहर है।



