रानीखेत स्थित गोविंद सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय में डायलिसिस की सुविधा शुरू

पायनियर समाचार सेवा। अल्मोड़ा। रानीखेत क्षेत्र के किडनी रोगियों के लिए राहत भरीहै। अब मरीजों को डायलिसिस कराने के लिए हल्द्वानी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल के प्रयासों से रानीखेत स्थित गोविंद सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय में डायलिसिस की सुविधा शुरू हो गई है। आज चिकित्सालय में स्थापित डायलिसिस मशीन का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, सीएमओ डॉ. हरीश चंद्र पंत और योगदा आश्रम द्वाराहाट के स्वामी अमया नंद ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान डायलिसिस के लिए आवश्यक आरओ प्लांट की स्थापना में योगदा आश्रम द्वाराहाट की ओर से सहयोग दिया गया। अब तक क्षेत्र के किडनी रोगियों को डायलिसिस के लिए हल्द्वानी जाना पड़ता था, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लेकिन रानीखेत में यह सुविधा शुरू होने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

डायलिसिस कराने वाले मरीज द्वारिका प्रसाद पांडे ने बताया कि उन्हें सप्ताह में तीन दिन डायलिसिस के लिए हल्द्वानी जाना पड़ता था। उन्होंने इस सुविधा के लिए क्षेत्रीय विधायक, योगदा आश्रम, जिलाधिकारी और सीएमओ का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब रानीखेत में ही डायलिसिस की सुविधा मिलने से उन्हें हल्द्वानी आने-जाने की परेशानी से निजात मिलेगी। वहीं, सीएमओ डॉ. हरीश चंद्र पंत ने बताया कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र मरीजों को डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें उपचार में मदद मिलेगी। क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और सांसद अजय टम्टा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रानीखेत में डायलिसिस की सुविधा शुरू होना पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इससे किडनी रोगियों को अपने क्षेत्र में ही उपचार की सुविधा मिल सकेगी। योगदा आश्रम द्वाराहाट के स्वामी अमया नंद ने भी इस पहल में आश्रम की ओर से आरओ प्लांट के लिए दिए गए सहयोग के संबंध में जानकारी दी।



