पुरनिया पुल के नीचे विवाद में युवक की हत्या

कैंची से हमला, इलाज के दौरान राहुल ने तोड़ा दम,आरोपी हिरासत में
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। अलीगंज थाना क्षेत्र के पुरनिया पुल के नीचे शनिवार शाम आपसी विवाद में एक युवक पर कैंची से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान राहुल अवस्थी (33) पुत्र सुरेश, निवासी ग्राम गैरोली, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी प्रदीप निवासी नौबस्ता, मड़ियांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक शनिवार शाम करीब छह बजे पुरनिया पुल के नीचे राहुल अवस्थी और उसके साथी प्रदीप के बीच शराब पीने के बाद किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि इसी दौरान प्रदीप ने पास की दुकान से कैंची उठाकर राहुल पर कई वार कर दिए। हमले में राहुल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुरनिया पुल के नीचे यातायात बूथ पर तैनात पुलिसकर्मियों ने घटना की सूचना अलीगंज पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल राहुल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे केजीएमयू ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना अलीगंज और मड़ियांव थाना क्षेत्र की सीमा के पास हुई। सूचना मिलते ही दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
एसीपी अलीगंज शशि प्रकाश मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपी प्रदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार राहुल अवस्थी डाला चलाने का काम करता था। उसका साथी प्रदीप निवासी नौबस्ता, मड़ियांव से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान प्रदीप ने कैंची से राहुल पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है।


