नॉर्थ जोन महिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप शुरू, पहले दिन लखनऊ और इंटीग्रल विश्वविद्यालय ने दर्ज की जीत
इंटीग्रल विश्वविद्यालय में नॉर्थ जोन अंतर-विश्वविद्यालय महिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप 2026–27 का उद्घाटन लीना जौहरी ने किया

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। इंटीग्रल विश्वविद्यालय में नॉर्थ जोन अंतर-विश्वविद्यालय महिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप 2026-27 का बुधवार को शुभारंभ हुआ। एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) के तत्वावधान में आयोजित छह दिवसीय प्रतियोगिता में उत्तर भारत के विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। पहले दिन लखनऊ विश्वविद्यालय और मेजबान इंटीग्रल विश्वविद्यालय समेत 11 टीमों ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की।
पहले दिन जीत हासिल करने वाली अन्य टीमों में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी, छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर, देव संस्कृति विश्वविद्यालय, आईआईएमटी विश्वविद्यालय, मेरठ, एसजीएस ट्रे सेंटेनरी विश्वविद्यालय, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, एमडीसी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, मेरठ, जम्मू विश्वविद्यालय और स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा शामिल रहीं।
महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त अवसर मिलना जरूरी : लीना जौहरी
उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए महिला सशक्तीकरण और 'मिशन शक्ति' जैसी पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त अवसर मिलना जरूरी है।
विश्वविद्यालय की अपर प्रो-चांसलर डॉ. निदा फातिमा ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका पर प्रकाश डाला। अपर प्रो-चांसलर सैयद अदनान अख्तर ने कहा कि खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित होता है।
कुलपति प्रो. फुरकान कमर ने छात्राओं को प्रतिस्पर्धात्मक खेलों के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने की विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता दोहराई। एआईयू की पर्यवेक्षक डॉ. रीना पूनिया ने भी विचार रखे। अंत में कुलसचिव प्रो. मोहम्मद हारिस सिद्दीकी ने अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया। यह प्रतियोगिता 20 अक्टूबर तक चलेगी।



