मुंबई ने चंडीगढ़ को पारी और 155 रन से हराया, बोनस अंक भी हासिल किया
मुंबई के गेंदबाजों ने मैच के तीसरे दिन चंडीगढ़ की दूसरी पारी को 52.1 ओवर में 196 रन पर समेट दिया

मुंबई । मुंबई ने रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप डी मुकाबले में मंगलवार को वानखेड़े स्टेडियम में चंडीगढ़ को पारी और 155 रन से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। मुंबई ने तीन दिन के भीतर जीत दर्ज कर बोनस अंक भी हासिल किया। मुंबई के गेंदबाजों ने मैच के तीसरे दिन चंडीगढ़ की दूसरी पारी को 52.1 ओवर में 196 रन पर समेट दिया। तुषार देशपांडे ने मुंबई के लिए शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 7 विकेट लेने के अलावा 47 गेंद पर 44 रन भी बनाए। शम्स मुलानी ने 69 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि तनुष कोटियान ने 30 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
चंडीगढ़ ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में एक विकेट गंवाया था। इससे पहले मुंबई ने सोमवार को चंडीगढ़ की पहली पारी महज 78 रन पर समेट दी थी। इसके साथ ही मुंबई को पहली पारी के आधार पर 351 रन की बढ़त मिली, जिसके बाद उसने चंडीगढ़ को फॉलोऑन दिया।
मुंबई ने अपनी पहली पारी में 429 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। टीम की ओर से कप्तान सिद्धेश लाड ने 86 रन, मुशीर खान ने 65 रन और तनुष कोटियान ने 58 रन बनाए। वहीं, मोहित अवस्थी ने नाबाद 56 रन की पारी खेली।मुंबई के बल्लेबाजों और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत टीम ने मुकाबले में एकतरफा जीत दर्ज की।



