लखनऊ/आगरा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से आयोजित यूपी टी20 लीग के चौथे संस्करण की खिलाड़ियों की नीलामी शुक्रवार को आगरा के ताज कन्वेंशन सेंटर में होगी। इस बहुप्रतीक्षित ऑक्शन में 250 से अधिक खिलाड़ियों पर छह फ्रेंचाइजी बोली लगाएंगी। नीलामी का संचालन अभिनेता अंगद बेदी करेंगे। खिलाड़ियों को उनकी बेस प्राइस के अनुसार विभिन्न श्रेणियों में शामिल किया गया है, जिससे प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा के दम पर बड़ी फ्रेंचाइजी से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
यूपी टी20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि लीग का चौथा सीजन 14 अगस्त से लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा। उन्होंने कहा कि यूपी टी20 लीग का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आईपीएल स्तर का मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकें।
डॉ. कपूर ने बताया कि ऑक्शन में 10 खिलाड़ियों का बेस प्राइस पांच लाख रुपये, 45 खिलाड़ियों का बेस प्राइस साढ़े तीन लाख रुपये और शेष खिलाड़ियों का बेस प्राइस ढाई लाख रुपये रखा गया है। सभी छह फ्रेंचाइजी के पास खिलाड़ियों की खरीद के लिए पर्याप्त पर्स बैलेंस उपलब्ध है। गोरखपुर लायंस के पास 55.90 लाख रुपये, नोएडा सुपर किंग्स के पास 80.60 लाख रुपये, मेरठ मावरिक्स के पास 28.70 लाख रुपये, लखनऊ फाल्कंस के पास 30.20 लाख रुपये, काशी रुद्रास के पास 47.15 लाख रुपये तथा कानपुर सुपरस्टार्स के पास 60 लाख रुपये का पर्स शेष है।
उन्होंने बताया कि इस बार भी लीग का आयोजन आईपीएल की तर्ज पर किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों को उच्च स्तरीय क्रिकेट का अनुभव मिलेगा। फिलहाल मुकाबले लखनऊ और कानपुर में आयोजित किए जाएंगे, जबकि भविष्य में लीग के प्रारूप का विस्तार कर प्रदेश के अन्य शहरों में भी मैच कराने की योजना है।
डॉ. संजय कपूर ने कहा कि यूपी टी20 लीग उत्तर प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए एक बड़ा मंच बन चुकी है। इस लीग के माध्यम से कई खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है और आने वाले वर्षों में यह प्रतियोगिता प्रदेश क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।उन्होंने यह भी बताया कि यूपीसीए जल्द ही महिला यूपी टी20 लीग शुरू करने की तैयारी कर रहा है, ताकि महिला क्रिकेटरों को भी इसी तरह का प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराया जा सके। लीग के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा, जिससे देशभर के क्रिकेट प्रेमी प्रतियोगिता का आनंद ले सकेंगे।
गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन आगरा के अध्यक्ष सुनील जोशन, उपाध्यक्ष राजेश सहगल, यूपीसीए गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह तथा यूपीसीए के मीडिया चेयरमैन मोहम्मद फहीम भी मौजूद रहे।










