मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
गुरुग्राम

तीन महीने से खुदी पड़ी गली, खुले सीवर बने हादसों का सबब

पानी भरने से नहीं दिखते गड्ढे, 10 ट्रैक्टर व कई वाहन फंसे कविता। फरीदाबाद सेञ्चटर-23 की संजय कॉलोनी के वार्ड नंबर 3 में स्थित गली नंबर 28 पिछले करीब तीन महीने से खुदी पड़ी होने के कारण स्थानीय लोगों के लिए गंभीर…

साझा करें WhatsAppFacebookX
तीन महीने से खुदी पड़ी गली, खुले सीवर बने हादसों का सबब

पानी भरने से नहीं दिखते गड्ढे, 10 ट्रैक्टर व कई वाहन फंसे

कविता। फरीदाबाद
सेञ्चटर-23 की संजय कॉलोनी के वार्ड नंबर 3 में स्थित गली नंबर 28 पिछले करीब तीन महीने से खुदी पड़ी होने के कारण स्थानीय लोगों के लिए गंभीर परेशानी और हादसों का कारण बनी हुई है। गली में सीवर के कई मैनहोल टूटे हुए हैं, जबकि कई जगहों पर मैनहोल के ढक्कन तक नहीं लगाए गए हैं। बारिश और पानी भरने के कारण ये खुले गहरे गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
स्थानीय निवासियों एवं व्यापारियों का आरोप है कि गली की खुदाई के बाद ठेकेदार ने पिछले तीन महीने से काम अधूरा छोड़ रखा है। टूटी सड़क और खुले सीवर के कारण यहां रहने वाले लोगों के साथ-साथ आसपास स्थित वर्कशॉप संचालकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासी विनय भाटी, विकास, बाबूराम, सचिन, योगराज और अमर ने बताया कि वे पिछले काफी समय से इस समस्या से परेशान हैं। गली में कई मकान होने के साथ-साथ वर्कशॉप भी हैं। ऐसे में वर्कशॉप में सामान पहुंचाने के लिए रोजाना बड़े वाहन आते हैं। लेकिन सड़क पर जगह-जगह खुदाई और खुले सीवर के गड्ढों के कारण बड़े वाहन फंस जाते हैं।

लोगों का दावा है कि अब तक करीब 10 ट्रैक्टर, कई कारें और लगभग 10 बाइक सवार इन गड्ढों और खुले मैनहोल के कारण हादसों का शिकार हो चुके हैं। कई बाइक सवार गिरकर घायल भी हुए हैं। वहीं, बड़े वाहनों के सीवर के गड्ढों में फंसने के बाद उन्हें निकालने के लिए कई बार क्रेन बुलानी पड़ती है। इससे वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान होने के साथ-साथ गली में घंटों तक आवागमन भी बाधित रहता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी भरने के बाद स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। सड़क और सीवर के गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। वाहन चालक सामान्य सड़क समझकर आगे बढ़ते हैं और अचानक वाहन गड्ढे में फंस जाता है। निवासियों का आरोप है कि हर बार किसी वाहन के फंसने या दुर्घटना होने की घटना के बाद इसकी फोटो और जानकारी ठेकेदार को भेजकर अवगत कराया जाता है। इसके बावजूद न तो काम को तेजी से पूरा किया जा रहा है और न ही खुले मैनहोल को सुरक्षित करने के लिए ढक्कन लगाए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि गली नंबर 28 में अधूरा पड़ा सीवर और सड़क निर्माण कार्य तुरंत पूरा कराया जाए। साथ ही सभी टूटे और खुले मैनहोल पर ढक्कन लगाकर गली को हादसों से मुक्त कराया जाए। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसी दिन यहां बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों की होगी।