मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
उत्तर प्रदेश

फार्मा कंपनी के ऑफिस में लगी आग, शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका

दमकल की दो गाड़ियों ने पाया आग पर काबू फर्नीचर, एसी समेत लाखों का सामान जलकर खाक, जनहानि टली पायनियर समाचार सेवा लखनऊ। जानकीपुरम थाना क्षेत्र के सेक्टर-एफ स्थित यस बैंक के पास संचालित एकॉस्ट्स प्राइवेट लिमिटेड फार्मा कंपनी के कार्यालय में…

साझा करें WhatsAppFacebookX
फार्मा कंपनी के ऑफिस में लगी आग, शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका

दमकल की दो गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

फर्नीचर, एसी समेत लाखों का सामान जलकर खाक, जनहानि टली

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। जानकीपुरम थाना क्षेत्र के सेक्टर-एफ स्थित यस बैंक के पास संचालित एकॉस्ट्स प्राइवेट लिमिटेड फार्मा कंपनी के कार्यालय में गुरुवार सुबह नौ  बजे अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां और जानकीपुरम पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने एक घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। कंपनी की मालकिन नीलम मल्होत्रा ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे कार्यालय में नियमित सफाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान सफाई कर्मचारी खुशबू ने एसी चालू किया।

आरोप है कि एसी चालू होते ही शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों ने कार्यालय में रखा फर्नीचर, एसी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान अपनी चपेट में ले लिया। धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे आग आसपास की इमारतों तक नहीं फैल सकी। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, दमकल विभाग और पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपये के सामान के जलने की आशंका जताई जा रही है। गनीमत रही कि घटना के समय कार्यालय में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।