शेनजेन। भारत की स्टार पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने शानदार वापसी करते हुए चाइना मास्टर्स सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। भारतीय जोड़ी ने रविवार को खेले गए रोमांचक फाइनल में चीन के हे जी टिंग और रेन शियांग यू को तीन गेम तक चले मुकाबले में 11-21, 21-13, 21-17 से शिकस्त दी।एक घंटे 10 मिनट तक चले खिताबी मुकाबले में दुनिया की पांचवें नंबर की भारतीय जोड़ी ने पहला गेम गंवाने के बाद जबरदस्त वापसी की और लगातार दो गेम जीतकर खिताब भारत की झोली में डाल दिया। वर्ष 2023 और 2025 में इस टूर्नामेंट की उपविजेता रही सात्विक-चिराग की जोड़ी यहां तीसरी बार फाइनल में पहुंची थी और इस बार खिताब जीतने में सफल रही।
यह भारतीय जोड़ी का मौजूदा सत्र का दूसरा खिताब है। इससे पहले सात्विक और चिराग ने सिंगापुर ओपन सुपर 750 का खिताब जीता था, जबकि थाईलैंड ओपन सुपर 500 के फाइनल में भी जगह बनाई थी। इस साल अपने 10वें टूर्नामेंट में खेल रही भारतीय जोड़ी का यह तीसरा फाइनल था।फाइनल मुकाबले की शुरुआत में चीनी जोड़ी पूरी तरह हावी रही। हे जी टिंग और रेन शियांग यू ने तेज और आक्रामक खेल के दम पर 5-0 की बढ़त बना ली। भारतीय जोड़ी शुरुआती रैलियों में लय हासिल नहीं कर सकी और चीन की जोड़ी ने लगातार स्मैश और आक्रामक शॉट्स से दबाव बनाए रखा। जल्द ही स्कोर 8-3 और फिर 14-7 हो गया।चिराग की सर्विस गलती के बाद चीनी जोड़ी ने बढ़त 17-9 कर ली और पहला गेम 21-11 से अपने नाम कर लिया।
पहला गेम गंवाने के बाद सात्विक और चिराग ने दूसरे गेम में रणनीति बदली। दोनों खिलाड़ियों ने रैलियों को लंबा खींचना शुरू किया और प्रतिद्वंद्वी जोड़ी को हर अंक के लिए कड़ी मेहनत करने पर मजबूर किया। सात्विक ने फ्लिक सर्विस का प्रभावी इस्तेमाल किया, जबकि चिराग के दमदार स्मैश ने भारतीय जोड़ी को लगातार अंक दिलाए।
Satwik & Chirag win China Masters Men's Doubles title! 🇮🇳🏆
The Indian pair defeated China's He Jiting and Ren Xiangyu in the final of the China Masters Super 750 in Shenzhen, claiming their maiden title in China.
📽️: BWF Media#Cheer4Bharat #ChinaMasters2026 pic.twitter.com/UKnm3ok1KG
— Dept of Sports, Govt of India (@IndiaSports) September 6, 2026
कड़े मुकाबले के बीच भारतीय जोड़ी ने 7-6 की बढ़त बनाई और फिर लगातार अंक हासिल करते हुए स्कोर 9-6 कर दिया। ब्रेक तक सात्विक-चिराग चार अंक की बढ़त बनाने में सफल रहे। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल दिखाया और 45 शॉट की लंबी रैली जीतकर अपनी बढ़त 12-8 कर ली।भारतीय जोड़ी ने इसके बाद दबाव बनाए रखा और 17-11 की बढ़त हासिल कर ली। सात गेम प्वाइंट मिलने के बाद सात्विक के आक्रामक रिटर्न ने भारत को दूसरा गेम 21-13 से दिला दिया और मुकाबला निर्णायक गेम में पहुंच गया।
तीसरे और निर्णायक गेम में चीनी जोड़ी ने फिर तेज शुरुआत करते हुए 4-0 और फिर 7-3 की बढ़त बना ली। हालांकि सात्विक और चिराग ने हार नहीं मानी और शानदार वापसी करते हुए स्कोर 7-7 से बराबर कर दिया।ब्रेक के बाद भी दोनों जोड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष जारी रहा। भारतीय जोड़ी 11-13 से पीछे थी, लेकिन सात्विक और चिराग ने संयम बनाए रखा और लगातार अंक जुटाते हुए मुकाबले में वापसी की। सात्विक की सर्विस के बाद स्कोर 14-16 हुआ और जल्द ही भारतीय जोड़ी ने 16-16 से बराबरी हासिल कर ली।
मुकाबले के अंतिम क्षणों में हे जी टिंग का शॉट नेट में जाने से भारतीय जोड़ी 18-17 से आगे हो गई। इसके बाद नेट कॉर्ड की मदद से भारत को तीन मैच प्वाइंट मिले और चिराग ने जोरदार स्मैश लगाकर मुकाबले का अंत करते हुए खिताब भारत की झोली में डाल दिया।सात्विक और चिराग की यह जीत आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से पहले उनके लिए बड़ा आत्मविश्वास बढ़ाने वाली है। भारतीय स्टार जोड़ी अब आगामी एशियाई खेलों में अपने स्वर्ण पदक का बचाव करने की तैयारी करेगी।