पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र के तेजकिशन खेड़ा में सोमवार को एक 63 वर्षीय महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान सूरसती पत्नी भवानी रावत (63), निवासी तेजकिशन खेड़ा, काकोरी के रूप में हुई है। वह अपने पति से अलग रहकर घर के एक कमरे में अकेली रहती थीं। उनके कमरे के बगल में उनकी बेटी संगीता रहती है।
बताया गया कि सोमवार को संगीता तालाब गई थी। वापस लौटने पर उसने कमरे में अपनी मां को फंदे से लटका देखा। इसके बाद उसने घटना की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को दी। सूचना पर 112 पुलिस को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक ने परिजनों की मौजूदगी में घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई। पुलिस के अनुसार, सूरसती कमरे में कपड़े टांगने के लिए लगी मोटी बल्ली में प्लास्टिक की रस्सी बांधकर फंदे से लटकी थीं। उनके दोनों पैर जमीन से ऊपर थे। पास में प्लास्टिक की कुर्सी भी रखी मिली।
पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में रस्सी कटवाकर शव को नीचे उतरवाया। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।