मोबाइल छीनने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, शिक्षिका से चेन लूटने की वारदात भी कबूली

-बाबरी पुलिस ने लूटा गया मोबाइल, 6,800 रुपये और बिना नंबर प्लेट की बाइक की बरामद
शामली। बाबरी थाना पुलिस ने मोबाइल फोन छीनने की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, 6,800 रुपये की नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने एक शिक्षिका से लाठी-डंडों के बल पर सोने की चेन छीनने की घटना में भी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक, आठ अक्तूबर को गांव करौदा हाथी निवासी विशेक कुमार पुत्र विनोद कुमार का मोबाइल फोन मोटरसाइकिल सवार बदमाश छीनकर फरार हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर बाबरी थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के निर्देश पर लूट और छिनैती की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बाबरी पुलिस ने कार्रवाई की। अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी थानाभवन के पर्यवेक्षण में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान शिवम पुत्र लीलू निवासी गांव धौलड़ा तथा सन्नी पुत्र सुलेन्द्र और करन पुत्र किरसन पाल निवासी गांव जसौई, थाना तितावी, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मोटरसाइकिल से लूट और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देते थे। वारदात में मिले सामान और नकदी को आपस में बांट लेते थे। आरोपियों ने कुछ समय पहले एक शिक्षिका से लाठी-डंडों के बल पर सोने की चेन छीनने की घटना में भी शामिल होने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, इस संबंध में बाबरी थाने में पहले से मुकदमा दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नीले रंग का पोको एम 7 मोबाइल फोन, 6,800 रुपये की नकदी और घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस ने बताया कि मोबाइल फोन और नकदी अलग-अलग मुकदमों से संबंधित हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में बाबरी थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह, उपनिरीक्षक राजेश कुमार, उपनिरीक्षक साहब सिंह, हेड कांस्टेबल आकाशदीप और हेड कांस्टेबल हातम सिंह शामिल रहे।



