मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, दोनों पक्षों से तहरीर मिलने पर जांच शुरू

जलालपुर, अंबेडकरनगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले में दोनों पक्षों की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जलालपुर निवासी शिवम गुप्ता ने कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उनके पिता ने पूर्व में एक कमरा किराए पर दिया था। आरोप है कि विपक्षी करीब 30 वर्षों से उक्त स्थान पर कब्जा किए हुए हैं। शिवम गुप्ता का कहना है कि पिता की मृत्यु के बाद विपक्षी पक्ष की ओर से जमीन को लेकर मुकदमा भी दर्ज कराया गया, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।
शिवम गुप्ता के अनुसार, सोमवार की सुबह विपक्षी पक्ष द्वारा मौके पर तीन सेट लगाकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। इसकी जानकारी होने पर उन्होंने इसका विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर विपक्षी पक्ष के परिवार के लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में शिवम गुप्ता को गंभीर चोटें आने का आरोप है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान किसी व्यक्ति द्वारा घटना का वीडियो बना लिया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
शिवम गुप्ता ने पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का भी आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों की तहरीर प्राप्त कर ली गई है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। पुलिस टीम द्वारा मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच में जो भी पक्ष दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविक स्थिति की भी पड़ताल कर रही है।


