जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मूर्ति विसर्जन स्थलों का किया निरीक्षण
श्रवण क्षेत्र घाट एवं गायत्री मंदिर घाट पर सुरक्षा, साफ-सफाई एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

अम्बेडकरनगर । आगामी दुर्गा पूजा मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ईशा प्रिया एवं पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने अकबरपुर स्थित श्रवण क्षेत्र घाट एवं गायत्री मंदिर घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मूर्ति विसर्जन के लिए की जा रही तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी घाटों पर सुरक्षा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग एवं जल बैरिकेडिंग की व्यवस्था समय से पूर्ण कराई जाए।
जिलाधिकारी ने विसर्जन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत सभी जरूरी प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि मूर्ति विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
दोनों अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट,उप जिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह, संबंधित खंड विकास अधिकारी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


