जलालपुर तहसील समाधान दिवस में 73 मामले, छह का मौके पर निस्तारण
अधिकारियों ने फरियादियों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया

जलालपुर, अंबेडकरनगर। जलालपुर तहसील सभागार में शनिवार को तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता उप जिलाधिकारी मधुमिता सिंह ने की। इस दौरान क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह, तहसीलदार शिव प्रकाश यादव, नायब तहसीलदार हरिराम गौतम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। समाधान दिवस में फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
समाधान दिवस में कुल 73 मामले दर्ज किए गए, जिनमें से छह मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने फरियादियों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
समाधान दिवस में उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष आनंद जायसवाल, पूर्व नगर अध्यक्ष देवेश कुमार मिश्रा समेत कई लोग पहुंचे। व्यापारियों ने सड़क के किनारे गड्ढे खोदे जाने से उत्पन्न समस्याओं को लेकर अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपा। व्यापारियों ने बताया कि सड़क किनारे गड्ढे होने से राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
वहीं ग्राम सभा बड़ागांव के चौबे का पूरा गांव के ग्रामीणों ने भी रास्ते की समस्या को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से आवागमन के लिए रास्ते की मांग कर रहे हैं और इस संबंध में कई बार तहसील समाधान दिवस तथा जिलाधिकारी को भी अवगत कराया जा चुका है।
ग्रामीणों के अनुसार बारिश के दिनों में रास्ते पर जलभराव होने से आवागमन प्रभावित हो जाता है। इससे गांव के करीब 400 घरों के लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा संबंधित भूमि को अपनी जमीन बताते हुए रास्ते की मरम्मत का विरोध किया जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कराकर आवागमन के लिए रास्ता उपलब्ध कराने और समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। अधिकारियों ने सभी प्रार्थना पत्रों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।


