हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार, रंजिश में वारदात को दिया था अंजाम

बरेली । थाना आंवला पुलिस ने ग्राम कन्धरपुर में 26 सितंबर को हुई श्याम सिंह की हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को मंगलवार को रेवती मोड़ से गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ मुकदमा बीएनएस में कार्रवाई की गई है।पुलिस के अनुसार, श्याम सिंह की हत्या के संबंध में उसके भाई मुन्नालाल ने गजराम, मोहर सिंह, रुमा सिंह और भूपराम के खिलाफ तहरीर दी थी। घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
लगातार दबिश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित गजराम पुत्र काशीराम और भूपराम पुत्र ओमकार रेवती मोड़ पर कहीं जाने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को करीब 11:50 बजे गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि श्याम सिंह से उनकी पुरानी रंजिश चल रही थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मोहर सिंह और रुमा सिंह के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। आरोप है कि 25 सितंबर की रात खेत की ओर जाते समय श्याम सिंह को रस्सी से पकड़कर बेहोश किया गया और दराती से वार कर उसकी हत्या कर दी गई। बाद में शव को चकरोड के पास खेत में फेंक दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में गजराम (40) और भूपराम (38), निवासी कन्धरपुर, शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया।



