घर के बाहर खड़ी महिला पर झपटा सांड, उठाकर पटका

-पेट में गंभीर चोट, जिला अस्पताल रेफर
शामली। कांधला क्षेत्र के गांव सुन्ना में शुक्रवार को घर के बाहर खड़ी 60 वर्षीय महिला पर अचानक आवारा सांड ने हमला कर दिया। सांड ने महिला को जोरदार टक्कर मारकर उठाया और जमीन पर पटक दिया। हादसे में महिला के पेट में गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे आनन-फानन में सीएचसी कांधला लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया।
गांव सुन्ना निवासी वीरेंद्र उपाध्याय की पत्नी नरेश देवी शुक्रवार को घर के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान कुछ दूरी पर दो आवारा सांड आपस में लड़ रहे थे। अचानक लड़ते हुए एक सांड महिला की ओर दौड़ पड़ा और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। सांड के हमले में महिला जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन तत्काल नरेश देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक, महिला के पेट में गंभीर चोट लगी है और उनका उपचार चल रहा है।महिला के पोते अभय हुड्डा ने बताया कि घटना अचानक हुई। उनकी दादी घर के बाहर खड़ी थीं, तभी दो सांडों की लड़ाई के दौरान एक सांड ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद ग्रामीणों में आवारा पशुओं को लेकर रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आवारा सांड और अन्य पशु घूमते रहते हैं, जिससे लोगों को खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा पशुओं को पकड़वाने की मांग की है।



