एशियाड पदक विजेताओं से मिले पीएम मोदी, बोले- '2036 ओलंपिक की मेजबानी करेगा भारत'

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में आइची नागोया एशियाई खेलों के पदक विजेता भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की और वर्ष 2036 के ओलंपिक की मेजबानी के संकल्प को दृढ़ता के साथ दोहराया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज भारत के सपने बड़े हैं और उन्हें पूरा करने का पूरा आत्मविश्वास हर देशवासी के पास है।
प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं का उत्साह और अटूट आत्मविश्वास ही 'नए भारत' की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश 2036 ओलंपिक की मेजबानी के साथ-साथ 2047 तक 'विकसित भारत' के सपने को भी अवश्य साकार करेगा। उन्होंने खिलाड़ियों की सफलता को करोड़ों भारतीयों की सफलता बताते हुए कहा कि जब जुनून जीत में बदलता है, तो वह चेहरे पर अलग ही चमक लेकर आता है।
इस मौके पर महिला एथलीटों के शानदार प्रदर्शन की विशेष सराहना करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने एशियाई खेलों में कुल 85 पदक जीते, जिनमें से 38 पदक महिला खिलाड़ियों ने अपने नाम किए और इनमें 11 स्वर्ण शामिल हैं। 15 और 17 वर्ष की कम उम्र के खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया कि सफलता के लिए उम्र कभी कोई बंदिश नहीं होती। इसके साथ ही उन्होंने महिला हॉकी टीम द्वारा 44 साल का लंबा इंतजार खत्म कर स्वर्ण पदक जीतने और नए खेलों में मिली ऐतिहासिक सफलताओं का भी विशेष जिक्र किया।
महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के समर्पण को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बड़े सपने रातों-रात पूरे नहीं होते, बल्कि इसके लिए वर्षों का धैर्य और लगातार परिश्रम जरूरी होता है। पिछले 12 वर्षों में देश ने इसी भावना के साथ खेलों का एक मजबूत इकोसिस्टम तैयार किया है, जिसके कारण आज हर खिलाड़ी को यह भरोसा रहता है कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे अपने पुराने खेल मैदानों पर जरूर जाएं और देश के युवाओं को गिरकर फिर से उठने की प्रेरणा दें।
समारोह के दौरान खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने पिछले 12 वर्षों में भारतीय खेलों में आए व्यापक बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि खेल अब 'विकसित भारत' का एक मजबूत स्तंभ बन चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में 'खेलो इंडिया' नीति और फिट इंडिया मूवमेंट जैसी पहलों की सराहना की और विश्वास दिलाया कि 2028 के ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ी देश का गौरव और अधिक बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में एशियाई खेलों की विजेता टीमों ने प्रधानमंत्री को अनोखे उपहार भेंट किए। पहली बार एक साथ स्वर्ण पदक जीतने वाली पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाली स्टिक और जर्सी प्रधानमंत्री को सौंपी। इसके अलावा लगातार दूसरी बार स्वर्ण जीतने वाली क्रिकेट टीमों ने जर्सी, तीरंदाज कुमकुम मोहोद ने तीर-धनुष और गोल्फर प्रणवी उर्स ने गोल्फ बॉल व दस्ताने फ्रेम कराकर प्रधानमंत्री को उपहार स्वरूप दिए। इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री रक्षा खड़से, खेल सचिव हरि रंजन राव, भारतीय ओलंपिक संघ की प्रमुख पी.टी. उषा, राष्ट्रीय खेल महासंघों के वरिष्ठ पदाधिकारी और आईसीसी अध्यक्ष जय शाह भी मौजूद रहे।



