एमबाप्पे और हालैंड ने तोड़े मेस्सी के रिकॉर्ड
मेस्सी ने सितंबर 2015 में 28 साल की उम्र में बार्सिलोना की ओर से रोमा के खिलाफ खेलते हुए चैंपियंस लीग में 100 मैच खेलने का रिकॉर्ड बनाया था। एमबाप्पे ने उनसे कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल की।

रोम। फ्रांस के स्टार फुटबॉलर किलियन एमबाप्पे चैंपियंस लीग फुटबॉल टूर्नामेंट में सबसे कम उम्र में 100 मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। 27 वर्षीय एमबाप्पे ने रियाल मैड्रिड और रोमा के बीच खेले गए मुकाबले में यह उपलब्धि हासिल करके अर्जेंटीना के दिग्गज लियोनेल मेस्सी का रिकॉर्ड तोड़ दिया।मेस्सी ने सितंबर 2015 में 28 साल की उम्र में बार्सिलोना की ओर से रोमा के खिलाफ खेलते हुए चैंपियंस लीग में 100 मैच खेलने का रिकॉर्ड बनाया था। एमबाप्पे ने उनसे कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल की।
एमबाप्पे ने रियाल मैड्रिड की 4-3 से जीत के दौरान पहले हाफ में बराबरी का गोल दागकर इस खास उपलब्धि का जश्न मनाया।बुधवार को चैंपियंस लीग में मेस्सी का एक और रिकॉर्ड टूट गया। मैनचेस्टर सिटी के नॉर्वे के स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड ने पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) के खिलाफ अपनी टीम की 2-4 से हार के दौरान दो गोल किए। इसके साथ ही चैंपियंस लीग में उनके कुल गोल की संख्या 60 मैचों में 61 हो गई।
यूरोपीय फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था यूईएफए के अनुसार, 26 साल और 85 दिन की उम्र में हालैंड चैंपियंस लीग में 60 गोल करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने मेस्सी का पिछला रिकॉर्ड सिर्फ एक दिन के अंतर से तोड़ा।इस तरह चैंपियंस लीग में एक ही दिन एमबाप्पे और हालैंड ने मेस्सी के दो अहम रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।



