दीन दयाल उपाध्याय कौशल केंद्र के 13 विद्यार्थियों को मिला प्रथम अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार

पायनियर। वाराणसी
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के प्रथम अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में राजीव गांधी दक्षिणी परिसर स्थित दीन दयाल उपाध्याय कौशल केंद्र के 13 विद्यार्थियों को सेमेस्टर परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में शुरू किए गए इन पुरस्कारों का उद्देश्य विश्वविद्यालय के सभी विषयों में स्रातक एवं स्रातकोत्तर स्तर के विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता को पहचानना और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है। विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक स्वतंत्रता भवन में आयोजित समारोह में विभिन्न संकायों एवं संस्थानों के 332 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। ये पुरस्कार तीन श्रेणियों में प्रदान किए गए हैं। इसके लिए विद्यार्थियों का सीजीपीए 8.5 या उससे अधिक होना आवश्यक है। तीनों श्रेणियों में क्रमश: 25,000 रुपये, 20,000 रुपये और 15,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाती है। समारोह की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने विश्वविद्यालयी जीवन में शैक्षणिक उपलब्धियों को मान्यता देने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, कि ‘‘हमारे विश्वविद्यालय के कैलेंडर में एक ऐसा दिन शामिल करने की आवश्यकता थी, जब हम उस मूल उद्देश्य का उत्सव मना सकें, जिसके लिए विश्वविद्यालय अस्तित्व में है। कुलपति और कुलसचिव राजन श्रीवास्तव द्वारा विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।



