भीषण हादसे के बाद नाले से निकाला गया सरिया लदा ट्रक, बाल-बाल बची ड्राइवर और क्लीनर की जान

जलालपुर, अंबेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के सुरहुरपुर में कुछ दिन पूर्व हुए भीषण सड़क हादसे के बाद आज नाले में गिरे सरिया लदे ट्रक को बाहर निकालने का कार्य किया गया। हादसे के दौरान सरिया से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पुल से टकराने के बाद नाले में जा गिरा था। दुर्घटना में ट्रक चालक को गंभीर चोटें आई थीं, जबकि क्लीनर ने किसी तरह अपनी जान बचाई थी।
हादसे के बाद ट्रक नाले में पड़ा हुआ था। बुधवार को दो क्रेन मशीनों की मदद से ट्रक को नाले से बाहर निकालकर लादने का कार्य शुरू किया गया। जैसे ही ट्रक को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू हुई, मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोग काफी देर तक मौके पर खड़े होकर ट्रक को बाहर निकाले जाने का नजारा देखते रहे।
बताया जा रहा है कि हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के कई हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। ट्रक की हालत देखकर दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। स्थानीय लोगों के बीच हादसे को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। लोगों ने कहा कि जिस तरह ट्रक पुल से टकराकर नाले में गिरा, उसमें चालक और क्लीनर का बच जाना किसी चमत्कार से कम नहीं है।
मौके पर मौजूद लोगों ने इस घटना को लेकर पुरानी कहावत ‘‘जाको राखे साइयां, मार सके न कोय’’ का जिक्र करते हुए कहा कि ईश्वर की कृपा से दोनों की जान बच गई। लोगों का कहना था कि ट्रक की क्षतिग्रस्त हालत देखकर यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि टक्कर कितनी जबरदस्त रही होगी।
क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद ट्रक को नाले से निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कार्रवाई की गई। हादसे के बाद से स्थानीय लोगों में पुल और सड़क की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा बनी हुई है।


