बीएसएनएल भवन में चोरी करते रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी, गिरफ्तार
बैटरी, चेंजओवर स्विच और दो सी-डॉट ईपीसी कार्ड बरामद

बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र में बाईपास रोड स्थित बीएसएनएल के मुख्य भवन में चोरी के प्रयास और सरकारी संपत्ति चोरी कर ले जाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान तौफीक (42) पुत्र रईस अहमद निवासी मोहम्मदपुर, कस्बा बहेड़ी के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके पास से चोरी का सामान और ताला व शटर तोड़ने में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए हैं।पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर को बीएसएनएल बहेड़ी के उपमंडलीय अभियंता सौरभ कुमार पुत्र स्वर्गीय रामप्रसाद निवासी इंद्रानगर, बरेली ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि बीएसएनएल के मुख्य भवन में चोरी का प्रयास करते और सरकारी संपत्ति ले जाते समय तौफीक को रंगे हाथ पकड़ लिया गया था।
इसके बाद आरोपी को बरामद सामान के साथ थाना बहेड़ी लाया गया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 65 एम्पियर की एक बैटरी, 63 एम्पियर का एक चेंजओवर स्विच, दो सी-डॉट ईपीसी कार्ड और ताला व शटर तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले कुछ औजार बरामद किए हैं।



