नेपाल से फरीदाबाद लौट रहे परिवार की कार गहरी खाई में गिरी, पांच घायल

चंपावत में हादसा, दो की हालत गंभीर; पुलिस, एसएसबी और स्थानीय लोगों ने चलाया बचाव अभियान
कविता। फरीदाबादनेपाल में पैतृक गांव में नवरात्र की पूजा-अर्चना कर फरीदाबाद लौट रहा एक परिवार उत्तराखंड के चंपावत जिले में सड़क हादसे का शिकार हो गया। लोहाघाट-डूंगरालेटी मार्ग पर शुक्रवार दोपहर परिवार की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), राजस्व विभाग और स्थानीय लोगों ने दुर्गम क्षेत्र में बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, हादसा 16 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:35 बजे डूंगरालेटी क्षेत्र में हुआ। हरियाणा नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार में सवार परिवार नेपाल से फरीदाबाद लौट रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसएसबी की टीम मौके पर पहुंची। दुर्गम रास्ते के कारण बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों की मदद से पांचों घायलों को खाई से निकालकर 108 एंबुलेंस के जरिए लोहाघाट के उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। घायलों की पहचान दशरथ सिंह (33), जगदीश सिंह (51), गौरव सिंह (28), सौरभ (26) और गुन्नू (16) के रूप में हुई है। सभी फरीदाबाद की तिरखा कॉलोनी, सेक्टर-3 के निवासी बताए गए हैं। हादसे में दो घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।



