ढाई हजार के विवाद में मजदूर की ईंट से कुचलकर की थी हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

माल पुलिस ने किया हत्याकांड का खुलासा, आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी ईंट और वारदात के समय पहने कपड़े बरामद
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। माल थाना क्षेत्र के गोपरामऊ स्थित आम के बाग में मजदूर की ईंट से हमला कर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इंस्पेक्टर नवाब अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी ईंट के टुकड़े और वारदात के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में हत्या की वजह महज 2500 रुपए के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, बीती एक नवंबर को बीघापुर निवासी मीना रावत ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनके पति नन्हके रावत उर्फ बलऊ की ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई है।
इस मामले में पुलिस ने चंद्रपाल रावत, रविंद्र विश्वकर्मा और कल्लू सिंह के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान सोमवार की रात करीब 12:30 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गोपरामऊ ट्यूबवेल के पास से चंद्रपाल रावत और रविंद्र विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में चंद्रपाल ने बताया कि मृतक नन्हके उर्फ बलऊ के भतीजे संतोष ने उससे 2500 रुपए उधार लिए थे। रुपये वापस न मिलने पर नन्हके ने उसे संतोष के घर बुलाया था। वहां संतोष और उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई थी।
इस दौरान खुद को अपमानित महसूस करने के बाद चंद्रपाल ने नन्हके से रंजिश ली। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश में चंद्रपाल ने अपने साथी रविंद्र विश्वकर्मा के साथ मिलकर गोपरामऊ बाग में नन्हके पर ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने रविंद्र के कब्जे से खून से सनी ईंट का टुकड़ा और वारदात के समय पहनी गई खून लगी शर्ट बरामद की। वहीं चंद्रपाल के पास से भी खून से सनी ईंट का टुकड़ा और खून लगी जींस बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी रविंद्र विश्वकर्मा के खिलाफ पूर्व में भी माल थाने में हत्या और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है। वर्तमान हत्याकांड में भी उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।



