बैडमिंटन में अयान का डबल धमाल, इकबाल हाउस ने जीते दोनों खिताब
एकल और युगल वर्ग में अयान हैदर ने मारी बाजी, रोमांचक मुकाबलों में प्रतिद्वंद्वियों को दी शिकस्त

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। यूनिटी कॉलेज में मंगलवार को आयोजित अंतरसदनीय सीनियर बालक बैडमिंटन प्रतियोगिता में इकबाल हाउस के अयान हैदर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकल और युगल दोनों वर्गों के खिताब अपने नाम किए। अयान के दमदार स्मैश, बेहतरीन बैकहैंड और सटीक शॉट ने प्रतिद्वंद्वियों को खूब छकाया। उनके दोहरे खिताबी प्रदर्शन की बदौलत इकबाल हाउस ने दोनों स्पर्धाओं में पहला स्थान हासिल किया।
एकल वर्ग के फाइनल में अयान हैदर (12-बी) ने सैयद हाउस के मोहम्मद वाली (12-डी) को तीन गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में 15-20, 20-16 और 20-19 से हराया। शुरुआती गेम गंवाने के बाद अयान ने शानदार वापसी की और अगले दोनों गेम जीतकर खिताब पर कब्जा जमाया। इस वर्ग में सैयद हाउस दूसरे और गांधी हाउस तीसरे स्थान पर रहा।
युगल वर्ग में भी अयान का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। जैनुल इमाम (12-ए) और अयान हैदर की जोड़ी ने सैयद हाउस के मुजम्मिल हुसैन और मोहम्मद वाली (दोनों 12-डी) को तीन गेम के मुकाबले में 25-19, 20-25 और 25-19 से हराकर खिताब जीता। दोनों खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, सटीक शॉट और मजबूत रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन किया। इस वर्ग में भी सैयद हाउस दूसरे और गांधी हाउस तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक आमिर अली की देखरेख में हुई। कॉलेज के प्रधानाचार्य दीपक मर्विन मैथ्यूज और उपप्रधानाचार्य सचिंद्र भारती ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन, उत्साह और खेल भावना की सराहना की।



