अंडर-14 क्रिकेट में वायलेट, ऑरेंज, ग्रे और सैफायर की जीत, वारिस अली, आरव त्यागी, फजील अहमद खान और श्रेष्ठ सिंह ने बिखेरी चमक
गेंदबाजी में आरव त्यागी, वारिस अली, फजील अहमद खान और श्रेष्ठ सिंह ने प्रभावित किया।

लखनऊ। क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित द्वितीय अंशुल आलोक मेमोरियल अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। चार मुकाबलों में टीम ऑरेंज, टीम ग्रे, टीम सैफायर और टीम वायलेट ने जीत दर्ज की। गेंदबाजी में आरव त्यागी, वारिस अली, फजील अहमद खान और श्रेष्ठ सिंह ने प्रभावित किया।
ऑरेंज ने मजेंटा को छह विकेट से हराया
एसएआर क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में टीम ऑरेंज अंडर-14 ने टीम मजेंटा को छह विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम मजेंटा की पूरी टीम 21.5 ओवर में 60 रन पर सिमट गई। टीम ऑरेंज के आरव त्यागी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4.5 ओवर में 12 रन देकर चार विकेट झटके। अर्पित मिश्रा और विवान शर्मा को एक-एक विकेट मिला।जवाब में टीम ऑरेंज ने ऋषि शर्मा के 27 रन की मदद से 15.2 ओवर में चार विकेट खोकर 61 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। शानदार गेंदबाजी के लिए आरव त्यागी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
ग्रे ने इमराल्ड को 65 रन से दी मात
सूर्या क्रिकेट ग्राउंड पर टीम ग्रे ने टीम इमराल्ड को 65 रन से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ग्रे ने निर्धारित 40 ओवर में आठ विकेट पर 197 रन बनाए। वारिस अली ने नाबाद 45 और आरव प्रताप सिंह ने 46 रन का योगदान दिया। टीम इमराल्ड की ओर से रुद्र प्रताप सिंह ने तीन विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इमराल्ड 27.4 ओवर में 132 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से सुमित यादव और अश्विन यादव ने 41-41 रन बनाए। टीम ग्रे के वारिस अली ने छह ओवर में 25 रन देकर पांच विकेट झटके। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
सैफायर ने इंडिगो को 120 रन से हराया
डीडी गोसाईंगंज ग्राउंड पर टीम सैफायर ने टीम इंडिगो को 120 रन से शिकस्त दी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम सैफायर ने सुमित यादव के 76 रन और फजील अहमद खान के नाबाद 27 रन की मदद से 36 ओवर में 191 रन बनाए। टीम इंडिगो की ओर से रेयांश चतुर्वेदी और अद्विक दुआ ने तीन-तीन विकेट लिए।
192 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिगो की पूरी टीम फजील अहमद खान की धारदार गेंदबाजी के सामने 16.5 ओवर में महज 71 रन पर सिमट गई। फजील ने सात ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। बल्ले और गेंद से योगदान देने के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
वायलेट ने ब्लू को छह विकेट से हराया
ब्लेज विलॉ गोमती नगर ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में टीम वायलेट अंडर-14 ने टीम ब्लू को छह विकेट से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला करने वाली टीम वायलेट ने ब्लू को 19.2 ओवर में 110 रन पर समेट दिया। टीम ब्लू की ओर से सिद्धार्थ सिंह ने सर्वाधिक 36 रन बनाए। वायलेट के श्रेष्ठ सिंह और उत्कर्ष पाल ने तीन-तीन विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम वायलेट ने अंश दक्षवही के 33 और ईशान के नाबाद 34 रन की बदौलत 14.2 ओवर में चार विकेट खोकर 114 रन बनाते हुए जीत दर्ज की। शानदार गेंदबाजी के लिए श्रेष्ठ सिंह को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।



