आंवला में एसिड अटैक का डेढ़ साल बाद खुलासा, कासगंज का युवक गिरफ्तार
प्रेम प्रसंग की रंजिश में अंकुश पर तेजाब फेंकने का आरोप, सर्विलांस और सीडीआर से मिला सुराग

बरेली। आंवला थाना क्षेत्र में मार्च 2025 में हुए एसिड अटैक के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चन्द्रकेश उर्फ चन्द्रवीर (25) पुत्र नरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम तबलपुर, थाना ढोलना, जिला कासगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 10 अक्टूबर को आंवला-अलीगंज रोड स्थित अरिल नदी के पुल से गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, सात मार्च 2025 को पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना आंवला में मुकदमा संख्या 127ध्2025 दर्ज किया गया था। मामले में शुरुआत में 14 लोगों को नामजद किया गया था। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के विश्लेषण से चन्द्रकेश उर्फ चन्द्रवीर की कथित संलिप्तता सामने आई।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका एक युवती से प्रेम प्रसंग था और वह युवती वादी के बेटे अंकुश से भी बातचीत करती थी।
इसी बात को लेकर आरोपी और अंकुश के बीच विवाद हो गया था। पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर अंकुश पर तेजाब फेंकने की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में भमोरा थानाध्यक्ष कुशलपाल सिंह, सर्विलांस प्रभारी अभिषेक, एसओजी द्वितीय प्रभारी अमरेश सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।



