बाराबंकी। सर्विलांस सेल और थाना स्तर की संयुक्त टीमों ने विशेष अभियान चलाकर सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुम हुए 88 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर आम लोगों के गुम हुए मोबाइल फोन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए अभियान चलाया गया। टीमों ने सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की मदद से तकनीकी विश्लेषण और ट्रैकिंग करते हुए विभिन्न मामलों में गुम मोबाइलों का पता लगाया और उन्हें बरामद किया।
रविवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक मोहम्मद आफताब आलम और क्षेत्राधिकारी सदर आलोक कुमार पाठक ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। खोए मोबाइल और उनमें मौजूद महत्वपूर्ण डाटा वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कर मोबाइल को ब्लॉक और ट्रैक कराया जा सकता है। कार्यक्रम में लोगों को साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों के साथ साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
नौ माह में 956 से अधिक मोबाइल बरामद: पुलिस के अनुसार, पिछले नौ माह में मोबाइल रिकवरी टीम ने 956 से अधिक मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 91 लाख रुपये है। सभी मोबाइल उनके स्वामियों को सुपुर्द किए जा चुके हैं।