बाराबंकी: त्रिवेदीगंज ब्लॉक क्षेत्र के पैगम्बरपुर गांव में चिकन पॉक्स फैलने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर घर-घर लोगों की जांच की। जांच के दौरान सात लोगों में चिकन पॉक्स के लक्षण पाए गए। टीम ने मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं और बीमारी से बचाव के लिए साफ-सफाई समेत अन्य जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी।
जांच के दौरान हसन सीमाब, रय्यान अली, मोहम्मद जोहाद, एबाद, गौस मोहिउद्दीन, अली अकसम और आसिफा में चिकन पॉक्स के लक्षण पाए गए। स्वास्थ्य टीम ने प्रभावित परिवारों से साफ-सफाई रखने तथा बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने को कहा।
सीएचसी त्रिवेदीगंज के अधीक्षक डॉ. मुकुन्द पटेल ने बताया कि जांच में मिले मरीजों को दवाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। गांव में स्थिति पर नजर रखी जा रही है और लोगों को बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने की सलाह दी गई है।