-कार्बेट में दोबारा मिली बड़ी जिम्मेदारी, निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने किया स्वागत
-मानव-वन्यजीव संघर्ष न्यूनतम करना और पोचिंग पर पूरी तरह लगाम कसना रहेगी मुख्य प्राथमिकता
रामनगर, संवाददाता। कार्बेट टाइगर रिजर्व के नवनियुक्त वाइल्ड लाइफ वार्डन (वन्य जीव प्रतिपालक) दिनेश सिंह मंगला ने रविवार को रिजर्व कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान कार्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने उनका स्वागत कर नई पाली के लिए शुभकामनाएं दीं।
शासन की ओर से जारी आदेशों के तहत खटीमा निवासी दिनेश सिंह मंगला को इस महत्वपूर्ण पद पर तैनात किया गया है। प्रमुख सचिव आरके सुधांशु की ओर से इसके आधिकारिक आदेश जारी किए गए थे। उल्लेखनीय है कि मंगला इससे पूर्व भी कार्बेट में इस पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी पूर्व की कार्यकुशलता और अनुभव को देखते हुए शासन ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है। कार्यभार संभालने के बाद नवनियुक्त वन्य जीव प्रतिपालक ने अपनी इस नियुक्ति पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और वन मंत्री सुबोध उनियाल का विशेष आभार व्यक्त किया।
वार्ता के दौरान उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि रिजर्व क्षेत्र में अवैध शिकार (पोचिंग) को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी। इसके अलावा, वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा व संवर्धन के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते संघर्ष (ह्यूमन-वाइल्डलाइफ कंफ्लिक्ट) को कम करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या हादसे की स्थिति में प्रभावित एवं पीड़ित पक्ष को त्वरित मुआवजा दिलाने का त्वरित आकलन व प्रबंधन किया जाएगा।