2027 विश्व कप के टिकटों के लिए डेढ़ करोड़ से अधिक आवेदन मिले: आईसीसी
आईसीसी के इस प्रतिष्ठित 50 ओवर के टूर्नामेंट की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से करेंगे। प्रतियोगिता दो अक्टूबर से 21 नवंबर 2027 तक आयोजित की जाएगी।

दुबई। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मंगलवार को बताया कि 2027 वनडे विश्व कप के टिकटों के लिए अब तक 142 देशों से डेढ़ करोड़ से अधिक आवेदन मिल चुके हैं। टिकटों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होने के महज 12 दिन के भीतर मिली इस प्रतिक्रिया से टूर्नामेंट को लेकर दुनियाभर के प्रशंसकों की उत्सुकता का पता चलता है।
आईसीसी के इस प्रतिष्ठित 50 ओवर के टूर्नामेंट की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से करेंगे। प्रतियोगिता दो अक्टूबर से 21 नवंबर 2027 तक आयोजित की जाएगी।
आईसीसी ने एक बयान में कहा कि टिकटों के लिए अब तक कुल 1,50,83,752 आवेदन मिले हैं। इसके लिए 142 देशों के प्रशंसकों ने 44,23,417 पंजीकरण कराए हैं। टिकटों के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया 21 नवंबर 2026 तक जारी रहेगी। टूर्नामेंट का फाइनल इसके ठीक एक साल बाद जोहानिसबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा।
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने कहा कि टिकटों की भारी मांग क्रिकेट विश्व कप की लोकप्रियता और प्रतिष्ठा को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि अफ्रीका का पर्यटन स्थल के रूप में आकर्षण और टूर्नामेंट से पहले आईसीसी तथा उसके साझेदारों की प्रचार गतिविधियों ने भी प्रशंसकों के बीच उत्सुकता बढ़ाई है।
गुप्ता ने कहा कि 24 साल के अंतराल के बाद क्रिकेट विश्व कप दक्षिण अफ्रीका लौट रहा है। टूर्नामेंट शुरू होने में अभी एक साल शेष है और इस दौरान आईसीसी व्यापक प्रचार गतिविधियों, विभिन्न मंचों पर अभियानों तथा विशेष सामग्री की श्रृंखला के माध्यम से प्रशंसकों का उत्साह बढ़ाने की योजना बना रहा है। आईसीसी को उम्मीद है कि इन गतिविधियों से 2027 क्रिकेट विश्व कप को लेकर वैश्विक स्तर पर उत्साह और बढ़ेगा।



