युवाओं की मेहनत और संकल्प से बनेगा विकसित भारत : सौरभ बहुगुणा

पायनियर समाचार सेवा। उत्तरकाशी। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने दो दिवसीय उत्तरकाशी दौरे के दौरान शुक्रवार को युवाओं, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद किया। उन्होंने गंगोत्री फिजिकल एकेडमी में सेना एवं सुरक्षा बलों की भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं का उत्साहवर्धन किया। इसके बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। राजकीय आदर्श कीर्ति इंटर कॉलेज में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’कार्यक्रम में उन्होंने विद्यार्थियों की चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं का अवलोकन कर प्रतिभागियों को सम्मानित किया। विद्यार्थियों ने विकसित भारत और देश की विकास यात्रा पर अपने विचार साझा किए। सौरभ बहुगुणा ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने मेक इन इंडिया, यूपीआई और जन-धन जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, विधायक सुरेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, एसपी कमलेश उपाध्याय समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।



