दीपावली मेले में बिखरे उत्तर प्रदेश की कला व संस्कृति के रंग
कारीगरों और महिला उद्यमियों को अपने हुनर और उत्पाद प्रदर्शित करने का मंच

मीनाक्षी सिंह ने किया यूपी आईएएसओडब्ल्यूए के दीपावली मेले का उद्घाटन
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (यूपी आईएएसओडब्लूए) की ओर से सीएसआईक्लब, राजभवन कॉलोनी में आयोजित दीपावली मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि मीनाक्षी सिंह ने किया। वह उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक की पत्नी और चीफ कमिश्नर इनकम टैक्स है। मेले में विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर कारीगरों और महिला उद्यमियों के उत्पादों की सराहना की। मुख्य सचिव एसपी गोयल की पत्नी एवं यूपी आईएएसओडब्लूएकी अध्यक्ष नीलू गोयल ने बताया कि यह एसोसिएशन का पहला दीपावली मेला है। इसमें उत्तर प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से आए कारीगरों ने अपने हस्तशिल्प और कलाकृतियाँ प्रदर्शित कीं।

भदोही के कालीन, खुर्जा की मिट्टी की कलाकृतियाँ, फिरोजाबाद की काँच की चूड़ियाँ, बनारसी और चंदेरी साड़ियाँ, जयपुर के परिधान तथा कच्छ के आभूषण मेले के प्रमुख आकर्षण रहे। मेले में खान-पान के स्टॉल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, बच्चों के लिए गतिविधियाँ, स्वास्थ्य जाँच और रक्तदान की सुविधा भी रही। नीलू गोयल ने आकांक्षा समिति के कार्यों की भी सराहना की। समिति शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और आय-सृजन से जुड़ी पहलों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सहयोग देने के लिए कार्य करती है।
मुख्य अतिथि मीनाक्षी सिंह ने उन्हें आमंत्रित करने और मेले के आयोजन के लिए यूपी आईएएसओडब्लूएका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन ने कारीगरों और महिला उद्यमियों को अपना हुनर और उत्पाद प्रदर्शित करने के लिए एक अनूठा मंच दिया है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों के कारीगरों को एक साथ लाकर व्यापक दर्शकों तक पहुँचाने की यह पहल उनकी आजीविका और सशक्तिकरण की यात्रा में सार्थक योगदान देगी। उन्होंने नीलू गोयल और एसोसिएशन की सभी सदस्याओं को इस पहल के लिए बधाई दी। मीनाक्षी सिंह ने मेले के सभी स्टॉलों का भ्रमण किया और वहाँ प्रदर्शित उत्पादों की सराहना की। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यूपी आईएएसओडब्लूएका यह प्रयास कारीगरों और महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करेगा।
कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक, राजीव कृष्ण और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद भी उपस्थित रहे। यूपी आईएएसओडब्लूए की सचिव प्रीति गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुश्री रश्मि तथा अन्य पदाधिकारी और सदस्याएँ सुश्री पूजा प्रसाद, सुश्री प्रीति आलोक, डॉ. अंजीरा, सुश्री प्रीति चौधरी, सुश्री प्रियंका फुंडे और सुश्री अलीशा भी उपस्थित रहीं। आकांक्षा समिति की सदस्याएँ, महिला उद्यमी, कारीगर और अन्य अतिथि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।



