युवक ने कनपटी पर पिस्टल सटाकर मारी गोली, मौत

पारिवारिक कलह से तंग आकर यह आत्मघाती कदम उठाया
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। दुबग्गा थाना क्षेत्र के अमेठीया सलेमपुर गांव में पारिवारिक कलह के चलते 35 वर्षीय युवक ने खुद को गोली मारकर जीवन लीला समाप्त कर ली। आनन-फानन में परिजन युवक को ट्रामा सेंटर ले गए,जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, अमेठीया सलेमपुर निवासी अमरजीत उर्फ रंजीत रावत (35वर्ष) पुत्र तेजीराम बाहर से किसी काम के बाद घर लौटा था।

घर पहुंचते ही अलमारी में रखी अपनी रिवॉल्वर निकाली और कनपटी पर सटाकर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और वे लहूलुहान हालत में रंजीत को तुरंत ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि रंजीत पिछले कुछ समय से गंभीर पारिवारिक कलह से जूझ रहा था और इसी तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। मृतक अपने पीछे पत्नी चांदनी और दो बेटे प्रयान्स और उत्कर्ष को छोड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



