घर के अंदर युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। बिजनौर इलाके में गुरुवार शाम संदिग्ध हालत में एक युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक बिजनौर के शिवगुलामखेड़ा निवासी मजदूर कल्लू लोधी की पत्नी सुखरानी पिछले कई वर्षों से अपने बेटे शिवा (20) को लेकर कल्लू से अलग गांव में ही दूसरे मकान में रहती है। शिवा अपनी मां सुखरानी के साथ रहकर एक टेंट हाउस में मजदूरी करता था। गुरुवार को सुखरानी खेत में धान की रोपाई करने गई थी। जबकि शिवा घर पर अकेले था।

शाम करीब छह बजे जब सुखरानी घर वापस लौटी तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। इस पर उन्होंने कई बार आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। जिसके बाद सुखरानी ने आसपास के लोगों को बुलाया। तब पड़ोसियों ने भी कई बार आवाज दी, पर कोई जवाब नही मिला। इसके बाद लोग कमरे की दीवार तोड़कर अंदर घुसे तो शिवा कमरे के अंदर रस्सी के सहारे पंखे के हुक से मृत लटका मिला। यह देखकर सुखरानी चीखने चिल्लाने लगी। बाद में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *